पौड़ी/नैनबाग (टिहरी)। पौड़ी और नैनबाग में मंगलवार को हुई सड़क दुर्घटनाओं में चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। कोटद्वार से पौड़ी आ रही वैगनार कार जिला मुख्यालय से 30 किमी दूर दुलिण्डा बैंड के पास अनियंत्रित होकर करीब सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में सवार ताजवर सिंह विद्यार्थी पुत्र गमाल सिंह, निवासी एजेंसी मोहल्ला पौड़ी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक ताजवर सिंह हाल ही में जिला पूर्ति विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे। इंस्पेक्टर प्रमोद उनियाल ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए पौड़ी लाया गया है।
नैनबाग क्षेत्र में अगलाड़-थत्यूड़ मोटर मार्ग पर गरखेत और कुदाऊ के बीच गुरमाधार के समीप एक जेसीबी के दुर्घटनाग्रस्त होने से चालक की मौत हो गई। जेसीबी विकासनगर से थत्यूड़ मुंगलोड़ी मोटर मार्ग पर काम करने के लिए जा रही थी। पुलिस ने मृतक जेसीबी चालक की शिनाख्त विक्की (27) पुत्र शिवचंद निवासी होशियारपुर पंजाब के रूप में की है। दुर्घटना में हेल्पर विकेश कुमार (28) पुत्र श्रवण सिंह निवासी भगेड हमीरपुर हिमाचल प्रदेश गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल को खाई से निकालकर 108 की मदद से विकासनगर भेजा। दुर्घटना की वजह एंदी रोड पर 13 किमी मार्ग के संकरा होने के साथ मार्ग का धंसा हुआ होना बताया जा रहा है।