प्रदेश के अशासकीय विद्यालयों में 86 नियुक्तियों के मामले में अशासकीय प्रबंधन संगठन ने कहा कि नियुक्तियों में अनियमितताओं की जांच के बाद भी मामले सामने नहीं आए। बावजूद इसके सरकार अशासकीय विद्यालयों के अधिकारों को छीनने की मंशा से कार्य कर रही है, जिसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।
पौड़ी के डीएवी इंटर कॉलेज में अशासकीय विद्यालय प्रबंधन संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र नेगी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें अशासकीय विद्यालयों के लिए पृथक से नीति निर्धारण और चयन आयोग आदि का प्रबंधकों ने पुरजोर विरोध किया। बैठक में अशासकीय विद्यालयों में संगठन की आवश्यकता पर जोर दिया गया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सभी जिलों में संगठन का गठन किया जाएगा और इसके बाद अशासकीय प्रबंध तंत्र सरकार के निर्णयों के खिलाफ सड़क पर उतर विरोध करेगा। बैठक में पौड़ी जिले की कार्यकारिणी का विधिवत गठन किया गया। अशासकीय प्रबंधन संगठन जिला इकाई के गठन में दीपक पोखरियाल को अध्यक्ष, विनोद कंडवाल उपाध्यक्ष, अनिल नेगी कोषाध्यक्ष, उत्तम सिंह नेगी महासचिव, कुलदीप नेगी और प्रताप नेगी सचिव और बृजमोहन नेगी व हर्षपाल चंद को सदस्य मनोनीत किया गया। बैठक में प्रांतीय संरक्षक चंद्र मोहन पयाल, प्रांतीय सचिव विमल नेगी, डीएवी इंटर कॉलेज पौड़ी के प्रबंधक गणेश नेगी मौजूद रहे।