पौड़ी। जिला मुख्यालय पौड़ी के बहुप्रतिक्षित तीन मंजिला बस अड्डे का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। पालिकाध्यक्ष पौड़ी ने निर्माण कार्य का निरीक्षण किया है। बस अड्डे के निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर अमर उजाला ने पांच मार्च के अंक में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। खबर का संज्ञान लेते हुए पालिकाध्यक्ष की नाराजगी के बाद निर्माण दायी संस्था लोनिवि प्रांतीय खंड ने निर्माण कार्य शुरू कर दिया है।
शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित निर्माणाधीन बस अड्डे के निर्माण कार्य का पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम ने निरीक्षण किया। तीन मंजिला बस अड्डे के निर्माण को वर्ष 2006 में 4.52 करोड़ की धनराशि जारी हुई, लेकिन निर्माण कार्य की शुरुआत वर्ष 2011 में जाकर हुई। वर्ष 2013 में प्रथम तल की छत का लिंटर डाला गया। वर्ष 2014 में 2.26 करोड़ की धनराशि से द्वितीय तल के बिम खड़े किए जाने के साथ ही दो दुकानें बनाई गईं। इसके बाद लगातार अड्डे का निर्माण कार्य बंद रहा। लंबी जद्दोजहद के बाद मई 2018 में राज्य सरकार ने 1.67 करोड़ की धनराशि जारी की। निर्माणदायी संस्था लोनिवि प्रांतीय खंड ने द्वितीय तल की छत का लिंटर डालने को सरिया की सटरिंग नवंबर-दिसंबर 2018 में की। अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड पौड़ी अरुण कुमार पांडे ने बताया कि बस अड्डे के द्वितीय तल के छत का निर्माण कार्य शुरू कर लिया गया है। पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम ने कहा कि 13 साल के लंबे इंतजार के बाद बस अड्डे के निर्माण को नई दिशा मिली है। अड्डे के द्वितीय तल की छत का लिंटर डाले जाने के बाद दुकानों का निर्माण भी तेज गति से कर लिया जाएगा।