श्रीनगर। होली एंजल स्कूल का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली व जौनसारी लोकनृत्यों तथा लोकगीतों की एक से बढकर एक प्रस्तुतियां दी। समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में सालभर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को मेडल भी दिए गए।
रविवार देर शाम होली एंजल पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि प्रो. डीएस नेगी (गणित विभागाध्यक्ष, गढ़वाल विवि) ने कहा कि ऐसे समारोह आयोजित किए जाने से छात्रों की प्रतिभाओं को मंच मिलता है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत छात्राओं ने जौनसारी लोकगीत ला भूजी जाला चूड़ा पर शानदार प्रस्तुति दी। इसके अलावा गढ़वाली लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां भी दी गई। विद्यालय प्रबंधन ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को मेडल से पुरस्कृत किया। प्रधानाचार्य अजय प्रकाश जोशी ने स्कूल की वर्ष भर की आख्या अभिभावकों के समक्ष रखी। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य उत्तम भंडारी, विजय लक्ष्मी गोदियाल, कविता भंडारी, कविता भंडारी, कुलदीप कुमार आदि मौजूद थे। समारोह का संचालन सुभाष भट्ट ने किया।