श्रीनगर। तहसील प्रशासन ने शहर क्षेत्र में विभिन्न राजनीतिक दलों व सामाजिक संगठनों की ओर से किए जाने वाले धरना प्रदर्शनों के लिए नए बस अड्डे को चिह्नित किया है। एसडीएम कार्यालय से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। आदेश में लिखा गया है शहर के अन्य स्थानों पर किसी भी प्रकार का धरना प्रदर्शन प्रतिबंधित कर दिया गया है। ऐसा किए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
तहसील प्रशासन ने धरना प्रदर्शन के लिए अलकनंदा नदी किनारे स्थित नए बस अड्डे को चयनित किया है। अभी तक राजनीतिक दल व विभिन्न सामाजिक संगठन गोला पार्क व पौड़ी बस अड्डे के समीप आए दिन धरना प्रदर्शन करते थे। एसडीएम कार्यालय से जारी आदेश मे लिखा गया है कि नए बस अड्डे के अतिरिक्त अन्य स्थानों पर धरना प्रदर्शन किए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं प्रगतिशील जन मंच एनआईटी स्थायी परिसर निर्माण सहित अन्य कई मांगों के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर संयुक्त चिकित्सालय के सामने धरना प्रदर्शन कर रहा है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक एनएस बिष्ट ने प्रजमं के अध्यक्ष अनिल स्वामी को नोटिस भेज तत्काल यहां से धरना हटाने को कहा है, ऐसा न किए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी है। वहीं प्रजमं के अध्यक्ष ने कहा कि धरना प्रदर्शन के लिए प्रशासन ने अनुमति ली गई है। प्रशासन परेशान करने के लिए उक्त कार्रवाई कर रहा है।