पौड़ी। जीबी पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान घुड़दौड़ी के दो पाठ्यक्रमों को एनबीए की मान्यता मिल गई है। इन पाठ्यक्रमों को एनबीए की मान्यता मिलने के बाद भावी इंजीनियरों को बेहतर शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ ही रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। एनबीए की मान्यता मिलने के बाद निदेशक, कुलसचिव व शिक्षकों में खुशी का माहौल है।
जीबी पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान घुड़दौड़ी के मेकेनिकल इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम को एनबीए ने तीन साल के लिए मान्यता प्रदान कर दी है। संस्थान के निदेशक प्रो.एमपीएस चौहान ने बताया कि एनबीए की 5 सदस्य टीम ने सितंबर में संस्थान के स्नातक उपाधि संबंधी पाठ्यक्रमों का जायजा लिया था। टीम ने संबंधित पाठ्यक्रमों के विभागाध्यक्षों, फैकल्टी, आवासीय व्यवस्था, छात्र संख्या, छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने बताया कि एनबीए ने निरीक्षण के बाद मेकेनिकल इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम को तीन साल के लिए मान्यता प्रदान कर दी है। प्रो. चौहान ने बताया कि एनबीए की मान्यता मिलने से छात्रों को उच्च शैक्षणिक गुणवत्ता, बेहतर रोजगार के अवसर, संस्थान को आवश्यक बजट व विश्व स्तर पर संस्थान को पहचान मिलेगी। एनबीए की मान्यता मिलने पर कुलसचिव डा.एचएस भदौरिया, विभागाध्यक्ष मैकेनिकल इंजीनियरिंग डा.आशुतोष गुप्ता, इलेक्ट्रानिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के विभागाध्यक्ष डा.वाई सिंह सहित समस्त शिक्षकों, कर्मचारियों व छात्र-छात्राओं में खुशी का माहौल है।