पौड़ी। राजकीय कन्या इंटर कालेज पैडुल को गवर्नर्स अवार्ड मिलने पर स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। अवार्ड लेकर दून से पैडुल पहुंची स्कूल की प्रधानाचार्य शुभा रयाल ने कहा कि परिषदीय परीक्षा 2018 में श्रेष्ठता सूची एवं सर्वश्रेष्ठ परिणाम देने वाले प्रदेश के तीन विद्यालयों में स्कूल ने अपना स्थान बनाया है। स्कूल का इस सूची में प्रदेश में दूसरा स्थान है। उन्होंने कहा कि राजभवन में राज्यपाल ने इस अवार्ड के साथ ही स्कूल को 30 हजार रुपये की नकद धनराशि प्रदान की। प्रधानाचार्य ने कहा कि यह सम्मान स्कूल के लिए गौरव की बात है। इस सत्र से छात्रों पर और मेहनत की जाएगी। स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में समाजसेवी दीपचंद, ग्राम प्रधान व अभिभावक आदि मौजूद रहे।