पौड़ी। पुलिस लाइन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जेआर जोशी ने मासिक अपराध समीक्षा की बैठक ली। इस दौरान थाना कोटद्वार के दो पुलिस कर्मियों कांस्टेबल डिंपल कुमार एवं ज्योति प्रसाद को चोरी की घटना के खुलासे पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। एसएसपी ने कहा कि आपदा के दौरान बगैर निर्देश के पुलिस कर्मी मय फोर्स राहत एवं बचाव कार्य में जुटें।
एसएसपी ने कहा कि ओवर लोडिंग पर रोक के लिए सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाएं। ओवर लोडिंग पर संबंधित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। एसएसपी ने कहा कि आगामी श्री नीलकंठ महादेव श्रावण मास कांवड़ मेले के दृष्टिगत अभी से सभी तैयारियां सुनिश्चित कर ली जाएं। आपदा संबंधी उपकरणों एवं आपदा टीमों को तैयार रखें। विवेचना के स्तर में भी सुधार लाएं। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक डा. हरीश वर्मा, पुलिस उपाधीक्षक अनूप काला एवं सभी थानों के थाना प्रभारी मौजूद रहे।