इंडिया फाउंडेशन के कार्यकारी निदेशक एवं राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के पुत्र शौर्य डोभाल ने उत्तराखंड में पलायन रोकने के लिए आर्थिक इंजन की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश गठित होने के 17 साल बाद भी ग्रामीण विकास की कोई योजना नहीं है। सरकार को इस पर गंभीरता से कार्य करना चाहिए।
मुख्यालय से करीब 26 किमी दूर स्थित अपने पैतृक गांव घीड़ी में शौर्य डोभाल ने कुलदेवी की पूजा अर्चना की। पौड़ी पहुंचकर शौर्य डोभाल ने विधायक कार्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि उत्तराखंड जनसंख्या, बजट और जीडीपी आदि सभी क्षेत्रों में देश का एक प्रतिशत है। प्रदेश विकास में सहभागिता बढ़ा सके, इस दिशा में कार्य किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में गांवों से पलायन खतरनाक है। पलायन का एक मुख्य कारण राज्य गठन के 17 साल बाद भी गांव के लिए कोई कारगर आर्थिक नीति नहीं बनी है। राज्य बनने के बाद ग्रामीण विकास के लिए नई नीति जरूरी है। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक मुकेश कोली, मिनरल डोभाल, भाजपा नेता सुषमा रावत, जगत किशोर बड़थ्वाल, मंडल अध्यक्ष कल्जीखाल अनिल नेगी, मंडल अध्यक्ष पौड़ी शैलेंद्र नौटियाल व दीपक रावत आदि मौजूद रहे।