पौड़ी। एचएनबी गढ़वाल विवि के बीजीआर परिसर पौड़ी में 16 नए सुरक्षा कर्मियों के तैनाती के लिए पहुंचने पर छात्रों में आक्रोश भड़क गया। छात्र नेताओं ने विवि प्रशासन पर जिला प्रशासन के साथ मिलकर पूर्व में तैनात सुरक्षा कर्मियों की आंखों में धूल झोंकने का आरोप लगाया। कहा कि परिसर में टेंडर निरस्त होने के बावजूद नए सुरक्षा कर्मियों का ज्वाइनिंग के लिए पहुंचना साजिश है। सुरक्षा कर्मियों को नियुक्ति मिलती है, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। वहीं परिसर प्रशासन ने बिना दस्तावेजों के ज्वाइनिंग को पहुंचे नए सुरक्षा कर्मियों को वापस लौटा दिया।
गढ़वाल विवि के बीजीआर परिसर पौड़ी में सुरक्षा इंचार्ज निरस्त हुए टेंडर कंपनी एसआईएस के 16 नए सुरक्षा कर्मियों की तैनाती को लेकर परिसर निदेशक से मिले। इंचार्ज इन सुरक्षा कर्मियों को ज्वाइनिंग दिए जाने की मांग निदेशक से करने लगे। लेकिन वे विवि की ओर से या कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक पत्र निदेशक को नहीं दिखा पाए। जिसको लेकर परिसर निदेशक ने नियुक्ति देने से इंकार कर दिया। एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष गौरव सागर ने कहा कि विवि प्रशासन ने एसआईएस कंपनी का अनुबंध निरस्त कर दिया था। बावजूद इसके इस कंपनी की ओर से नए सुरक्षा कर्मी तैनाती को पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि निरस्त टेंडर कंपनी के नए सुरक्षा कर्मियों को तैनाती दी जाती है, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रभारी परिसर निदेशक प्रो. आरएस नेगी ने बताया कि परिसर पौड़ी के सुरक्षा इंचार्ज नए सुरक्षा कर्मियों को ज्वाइनिंग के मसले पर मिले थे, लेकिन उनके पास कोई दिशा-निर्देश और दस्तावेज नहीं थे। इस लिए ज्वाइनिंग नहीं दी गई।