कीर्तिनगर। चौरास पट्टी के बड़कोट गांव के नैनीसैंण तोक में निर्माणाधीन हॉट मिक्स प्लांट का काम प्रशासन ने फिलहाल पूरी तरह से रुकवा दिया है। प्रशासन ने प्लांट संचालन को विधिवत अनुमति सहित ग्रामीणों की एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) लाने के बाद ही काम शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, ग्रामीणों ने साफ कह दिया है कि वह नैनीसैंण में प्लाट स्थापित नहीं होने देंगे।
कीर्तिनगर-बडियारगढ़ मोटर मार्ग पर नैनीसैंण में पिछले कुछ समय से हॉट मिक्स प्लांट स्थापित किया जा रहा था। ग्रामीणों के विरोध के बाद छह दिन पूर्व काम बंद करा दिया गया था। बृहस्पतिवार को स्थानीय निवासियों ने इस संबंध में तहसील में लिखित सूचना भी दी। शुक्रवार को क्षेत्रीय राजस्व उप निरीक्षक ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों और प्लांट के कर्मचारियों से वार्ता की। इस अवसर पर बताया गया कि उक्त स्थान में प्लांट स्थापना की संचालकों के पास विधिवत अनुमति नहीं है। संचालकों ने स्थापना से पूर्व ग्राम पंचायत की एनओसी भी नहीं ली। जिस पर राजस्व उप निरीक्षक ने प्लांट के कर्मचारियों से मानक पूरे करने के बाद अनुमति लेने को कहा। उन्होंने कहा कि इसके अलावा वह ग्रामीणों के साथ बैठक कर सहमति बनाए। तभी काम शुरू कराए। जबकि ग्रामीणों का कहना था कि नैनीसैंण में प्लांट नहीं चलने दिया जाएगा। इससे पूरा क्षेत्र प्रदूषित हो जाएगा। इस मौके पर ज्येष्ठ उप प्रमुख किरन सिलवाल, विमल जोशी, सोनू चौहान, राकेश चौहान, सतीश थपलियाल, राजेश्वर थपलियाल, अरविंद थपलियाल व आरती घिल्डियाल आदि मौजूद थे।