श्रीनगर। संयुक्त चिकित्सालय श्रीनगर में उपनल के माध्यम से तैनात कर्मियों को 11 माह से वेतन का भुगतान न किए जाने पर कर्मियों में शासन प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है। कर्मियों ने मांग पर कार्रवाई न किए जाने पर आंदोलन को व्यापक रूप देने का ऐलान किया है।
शुक्रवार को वेतन भुगतान की मांग के लिए चिकित्सालय परिसर में कर्मियों का धरना प्रदर्शन 15 वें दिन भी जारी रहा। कर्मियों ने कहा कि वेतन भुगतान की मांग के लिए गढ़वाल आयुक्त, डीएम, डीजी हेल्थ सहित क्षेत्रीय विधायक से भी गुहार लगाई गई, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। बताया कि ग्यारह माह से वेतन का भुगतान न किए जाने से कर्मी व उनके परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहे है। मौके पर चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी महासंघ के शाखा अध्यक्ष आरके धनाई ने भी कर्मियों के धरने को समर्थन दिया। धनाई ने शासन प्रशासन से कर्मियों को शीघ्र वेतन भुगतान किए जाने की मांग की है। दूसरी ओर चिकित्सालय के पूर्व फार्मासिस्ट जयेंद्र सिंह पंवार के निधन पर कर्मियों ने शोक संवेदना व्यक्त की है। इस मौके पर विपिन चंद्र चमोली, धीरेंद्र सिंह राणा, अरविंद बिष्ट आदि मौजूद थे।