पौड़ी। धुमाकोट बस हादसे के बाद लोनिवि के प्रांतीय खंड बैजरो में पांच नए कनिष्ठ अभियंताओं की तैनाती कर दी गई है। सस्पेंड किए गए अपर सहायक अभियंता प्रदीप खनसिली का चार्ज अपर सहायक अभियंता विरेंद्र सिंह को दे दिया गया है।
एक जुलाई को धुमाकोट-भौन पीपली मोटर मार्ग में सवारियों से खचाखच भरी बस गहरी खाई में जा गिरी थी। इससे बस में सवार 48 लोगों की मौत हो गई थी। बस हादसे की वजह ओवर लोडिंग के साथ ही सड़क में बना बड़ा गड्ढा बताया गया था। हादसे के बाद शासन द्वारा लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता रविशंकर यादव और अपर सहायक अभियंता बैजरो प्रदीप खनसिली को सस्पेंड कर दिया था। अधिशासी अभियंता बैजरो आदर्श गोपाल सिंह ने बताया कि हादसे के बाद प्रांतीय खंड में पांच नए कनिष्ठ अभियंताओं संजीव कुमार पाल, निखिल कुमार, योगेंद्र सिंह, देवराज पोखरियाल एवं सतेंद्र सिंह राणा की तैनाती की गई है। ब्यूरो