पौड़ी। पलायन एक चिंतन और उत्तराखंड महिला मंच के संयुक्त तत्वावधान में मिरचोड़ा गांव में दो दिवसीय महिला सम्मेलन हुआ।
शनिवार को महिला सम्मेलन के पहले दिन पलायन एक चिंतन अभियान के संयोजक रतन असवाल के नेतृत्व में गांव के लोगों ने प्रदेश भर से पहुंची महिलाओं का ढोल-दमाऊ के साथ स्वागत किया। महिला सम्मेलन में देहरादून, पौड़ी, श्रीनगर, दिल्ली, टिहरी आदि स्थानों से महिलाएं पहुंची हैं। सम्मेलन के स्थानीय आयोजक रतन सिंह असवाल ने बताया कि यह आयोजन नगर क्षेत्रों में तमाम संघर्षों में शामिल महिलाओं को गांवों की महिलाओं से मिलाने का एक मंच है। सम्मेलन में महिलाएं खेती-किसानी, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि मुद्दों पर बात करेंगी। इस दौरान ग्रामीण महिलाएं अपने प्रमुख व्यंजन अर्से, रोट, दाल की पकोड़ी आदि बनाएंगी। साथ ही थड़ीया, चौफुला, तांदी नृत्य आदि का भी आयोजन होगा। उत्तराखंड महिला मंच की संयोजक कमला पंत ने कहा कि इस आयोजन से गांवों में रह रहीं महिलाओं और पलायन कर परिवार के साथ शहर में रह रही महिलाओं को आपस में मिलने और संवाद करने का मौका मिलेगा।
इस अवसर पर सुरेश नौटियाल, सुरेंद्र पुंडीर, गीता गैरोला, परासर गौड़, प्रगतिशील कृषक विद्यादत्त शर्मा, शिक्षक जागेश्वर जोशी, प्रवीण भट्ट, अनिता नौटियाल, लछमी रावत आदि शामिल रहे।