लापता किशोरी को ढूंढने के लिए हल्द्वानी के लोगों की सोशल मीडिया पर मुहिम आखिरकार रंग लाई। लापता किशोरी की फोटो चंद मिनटों में सोशल मीडिया से हर मोबाइल तक पहुंच गई। सोशल मीडिया में वायरल फोटो और किशोरी के सीसी टीवी फुटेज पूरे कुमाऊं में सर्वाधिक क्लिक की गई। वायरल फुटेज हर किसी ने शेयर कर किशोरी की बरामदगी और सलामती की दुआएं मांगी। किशोरी की बरामदी होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
लोग जागरूक हो रहे हैं। अपने इलाके की हर छोटी-बड़ी और अच्छी-बुरी सूचनाओं को फेसबुक और वाट्सएप के माध्यम से शेयर कर रहे हैं। गोरा पड़ाव से किशोरी के लापता होने की सूचना महज 10 मिनट में हल्द्वानी के अधिकांश लोगों के फेसबुक वॉल और वाट्सएप ग्रुप में वायरल हो गई। मामला किशोरी था, लिहाजा लोगों में जबर्दस्त आक्रोश भी दिखा।
हल्द्वानी शीशमहल में करीब एक साल पहले ऐसी ही गायब लाडली की घटना लोगों को झकझोर चुकी है। गोरा पड़ाव से किशोरी के अपहरण की सूचना सोशल मीडिया में आग की तरह फैलने से पुलिस और प्रशासन भी हरकत में आया। गोरा पड़ाव में एक शोरूम में लगे सीसी कैमरे की फुटेज से पुलिस को जांच की एक ठोस लाइन मिल गई। फुटेज से स्पष्ट हो गया किशोरी दो युवकों के साथ बाइक पर बैठकर गई। सीसी फुटेज तक सोशल मीडिया में वायरल हो गए। किशोरी की हर डिटेल से लेकर आक्रोशित लोगों के हाइवे जाम करने की हर फुटेज सोशल मीडिया में लोड हुई।
सोशल मीडिया में पूरे दिन किशोरी छाई रही। हर कोई उसे ढूंढने में पुलिस का मददगार बना। पुलिस की कई टीमें सकुशल बरामदगी के लिए लगी रही। हालांकि, अपराह्न में किशोरी को उसकी ताई ने मोतीनगर में एक आटो में देख लिया। आटो में दो युवकों के साथ किशोरी थी। गोरापड़ाव से मोतीनगर की दूरी करीब डेढ़ किलोमीटर है। ताई के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने भी सोशल मीडिया में वायरल फोटो से किशोरी की पहचान कर ली और आटो सवार युवकों का पीछा शुरू किया। आटो सवार युवकों को पकड़कर भीड़ उन पर टूट पड़ी।