नैनीताल। वाहन पार्क करने के विवाद में टैक्सी चालक पर दो युवकों ने हमला कर दिया। इसमें चालक की नाक टूट गई और सिर में गंभीर चोट आई है। चार दिनों से चौकी में सुनवाई नहीं होने पर पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मल्लीताल के बजून निवासी कमल भट्ट ने कोतवाली में तहरीर सौंप कर बताया कि बीती 16 फरवरी को वह गांव के समीप ही अपना टैक्सी वाहन पार्क कर घर जा रहा था। वहां दुकान में मौजूद गांव के दो युवक वाहन पार्क करने पर आपत्ति जताने लगे। जब उसने अनसुना किया तो युवकों ने लाठी डंडों से हमला कर दिया। हमले में उसकी नाक व सिर पर गंभीर चोट आई है। मामले की शिकायत मंगोली चौकी में की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। चार दिनों तक कार्रवाई का इंतजार करने के बाद वह कोतवाली शिकायत लेकर पहुंचा। उसने हमला करने वाले युवकों से उसे जान का खतरा होने की शिकायत की है। पुलिस ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।