भवाली (नैनीताल)। सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में सोमवार को एयर मार्शल सुनील काशीनाथ विधाते (एवीएसएम, वाईएसएम, वीएम) ने निरीक्षण किया। उन्हें कैडेटों ने गार्ड ऑफ ऑनर और शानदार बैंड प्रदर्शन के साथ सलामी दी। प्रधानाचार्य ने विद्यालय के विकास के लिए किए गए विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। एयर मार्शल ने कैडेटों को रक्षा सेवाओं में करियर बनाने के लिए उत्साह, समर्पण और कठोर परिश्रम के साथ तैयार होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए संघर्ष अवश्य करें लेकिन असफलताओं को स्वीकार कर उनसे सीखने की क्षमता भी विकसित करें। उन्होंने अकादमिक कप्तानों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य ग्रुप कैप्टन विजय डंगवाल ने बताया कि एयर मार्शल भारतीय सेना के उड़ान शाखा में 13 जून 1987 को फाइटर पायलट के रूप में कमीशंड हुए थे। वह सैनिक स्कूल सतारा के पूर्व छात्र हैं। प्रधानाचार्य ने सभी कैडेट्स और स्टाफ की ओर से एयर मार्शल को एक स्मृति चिह्न भेंट किया।