नैनीताल। तल्लीताल-भवाली रोड पर बीते दिनों हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई है। फॉरेस्ट कंपाउंड तल्लीताल निवासी राहुल सिंह राणा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका छोटा भाई हर्ष राणा 29 मई की रात अपने दोस्त प्रियांशु टम्टा के साथ बाइक से भवाली से नैनीताल लौट रहा था। रात करीब 10:30 बजे शिवाय होटल के पास नैनीताल की ओर से भवाली जा रही कार के चालक ने तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी थी। हादसे में हर्ष राणा गंभीर रूप से घायल हो गया था। हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान हर्ष ने शनिवार को दम तोड़ दिया। रविवार को रानीबाग चित्रशिला घाट में उसका अंतिम संस्कार किया गया। हर्ष की मौत के बाद उसके परिवार में मातम छाया है। कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि मामले में वाहन चालक के खिलाफ पूर्व में ही प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। आरोपी चालक का पता लगाया जा रहा है।