लालकुआं (नैनीताल)। किच्छा से लालकुआं आ रहे छोटा हाथी वाहन को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में छोटा हाथी वाहन चालक की मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। इस पर व्यापारिक प्रतिष्ठान बृहस्पतिवार को शोक स्वरूप कुछ समय के लिए बंद रहे।
जानकारी के अनुसार नगर स्थित एक बाइक शोरूम में कार्यरत रंजीत शर्मा (26) पुत्र संजीव शर्मा निवासी वार्ड नंबर तीन बुधवार देर शाम छोटा हाथी वाहन से किच्छा से लौट रहा था। मुक्तिधाम के पास लालकुआं की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने तेजी से ओवरटेक कर वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। राहगीरों और क्षेत्रवासियों ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद घायल रंजीत को वाहन से निकाला और 108 एंबुलेंस सेवा से हल्द्वानी के निजी अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। युवक के तीन बच्चे हैं। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। देर सांय मुक्तिधाम में मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।