नैनीताल/ज्योलीकोट/गौलापार। देश में लगातार बढ़ती महंगाई और चीनी के दामों में हुई बेतहाशा वृद्धि के विरोध में नैनीताल में यूथ कांग्रेस ने नगर अध्यक्ष बंटू आर्य के नेतृत्व में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आम जनता, राहगीरों और पार्टी के सदस्यों को फीकी चाय पिलाकर विरोध दर्ज किया।
आर्य ने कहा कि त्योहारी सीजन में चीनी के दामों में हुई अप्रत्याशित वृद्धि ने आम आदमी की चाय, मिठाई का स्वाद फीका कर दिया है। इस मौके पर पूर्व पालिकाध्यक्ष संजय कुमार, जिला उपाध्यक्ष दिनेश कर्नाटक, मनमोहन सिंह कनवाल, व्यापार मंडल महासचिव त्रिभुवन सिंह फर्त्याल, कैलाश अधिकारी, लता तरुण आदि मौजूद रहीं।
वहीं ज्योलीकोट में भी कांग्रेस कार्यकर्ता गैस सिलिंडर, चूल्हा और चाय सामग्री लेकर चौराहे पर पहुंचे और उन्होंने चीनी मूल्य वृद्धि का विरोध जताते हुए लोगों को बिना चीनी की चाय पिलाई। प्रदर्शन करने वालों में कांग्रेस नेता हिमांशु पांडे, ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र कोटलिया, मनोज चनियाल, मनोज बर्गली, प्रधान नवल कुमार, सूरज पांडे, रामदत्त, दीपक शर्मा, चंदन रावत, प्रशांत, मनोज चंद, नंदू जोशी आदि मौजूद रहे।
इधर, गौलापार में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष हेमंत बगड़वाल के आवास पर आयोजित चौपाल में जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, जिला प्रवक्ता हरेंद्र क्वीरा ने कहा कि चंदा चोरी का मामला भाजपा का चेहरा जनता के सामने उजागर करता है। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर सभी बूथों पर कार्यक्रम आयोजित करेगी। वहां पर पूर्व दायित्वधारी राजेंद्र खनवाल, शंकर जोशी, इंद्रपाल आर्य, कुंदन मेहता, नीरज रैकवाल, विक्रम रेकुनी, प्रह्लाद बोरा, रवि नेगी आदि मौजूद रहे।