रामनगर। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) की ढेला रेंज में तैनात वनकर्मियों पर ग्रामीणों ने पीटने और अभद्रता का आरोप लगाते हुए सोमवार को ढेला वन चौकी का घेराव करते हुए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। इसी बीच एक युवक पेट्रोल लेकर चौकी की छत पर चढ़ गया और आरोपी वनकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई व निलंबन की मांग करने लगा। सूचना मिलते ही पुलिस, वन अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे तथा काफी देर की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा। आरोपी वनकर्मी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
ढेला गांव निवासी शिव गिरी और वन गुर्जर नंदू शनिवार को जंगल किनारे जलौनी लकड़ी लेने गए थे। आरोप है कि ढेला रेंज में तैनात एक वन आरक्षी और दो दैनिक कर्मी उन्हें चौकी ले आए। आरोप है कि उन्होंने वन अधिनियम के तहत चालान कर जुर्माना लगाने के साथ ही ग्रामीणों की पिटाई भी कर दी। विरोध में सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने ढेला वन चौकी का घेराव किया। इसी बीच शिव गिरि का भतीजा चंदन गिरि पेट्रोल की बोतल लेकर चौकी की छत पर चढ़ गया। सूचना पर पुलिस, वन विभाग के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने युवक और ग्रामीणों से बातचीत कर मामला शांत करा युवक को सुरक्षित नीचे उतारा। वहीं पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी वनकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष मदन जोशी ने कहा कि ग्रामीण मानव वन्यजीव संघर्ष के बीच बमुश्किल अपना जीवन यापन कर रहे हैं। बावजूद इसके ग्रामीणों के साथ ही मारपीट गलत है।
मौके पर पहुंची ब्लॉक प्रमुख और ज्येष्ठ प्रमुख
ग्रामीणों को पीटने की घटना के बाद ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी और ज्येष्ठ प्रमुख भी मौके पर पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों की मांग का समर्थन करते हुए आरोपी वनकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। ज्येष्ठ प्रमुख संजय नेगी ने बताया कि घटना के बाद चौकी में तैनात महिला वन दरोगा ने ग्रामीणों के साथ अभद्रता की। उन्होंने दरोगा को स्थानांतरित करने की मांग उठाई।
तहरीर के आधार पर वन आरक्षी अवनीश कुमार के खिलाफ पीटने समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सुशील कुमार, कोतवाल, रामनगर
मामले की जांच एसडीओ को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. साकेत बडोला, निदेशक, सीटीआर