हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में स्नातक प्रथम वर्ष में ऑनलाइन प्रवेश में समस्या का समाधान न होने पर गुस्साए एक युवक ने ऑनलाइन प्रवेश प्रभारी के कक्ष में घुसकर हंगामा किया और गाली गलौज की। भोटिया पड़ाव चौकी से पुलिस भी पहुंची। हालांकि कॉलेज की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।
कॉलेज में बुधवार एमएससी प्रथम वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया चल रही थी। बीएससी प्रथम वर्ष में एक छात्रा का बीएससी में प्रवेश के मामले को लेकर एक युवक ऑनलाइन प्रवेश प्रभारी डॉ. एसएन सिद्ध के कक्ष में पहुंचा। उसके साथ एक अन्य युवक और छात्रा भी थी। आरोप है कि उसने डा. सिद्ध से अभद्रता की और नोकझोंक भी हो गई। प्रवेश प्रभारी ने अन्य प्राध्यापकों को फोन किया तो युवक भाग गया। छात्रा और युवक ने हंगामा करने वाले युवक को अपरिचित बताया, छात्रा के रोने पर दोनों को वापस भेज दिया गया।
प्राचार्य डॉ. बीआर पंत ने बताया कि इस तरह की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश प्रवेश प्रभारी को दिए गए हैं। चीफ प्राक्टर डॉ. विनय विद्यालंकार ने बताया कि दोनों युवकों का रिकॉर्ड खंगाला लेकिन उनका दाखिला कॉलेज में नहीं मिला। मुख्य आरोपी का पिछले साल डिप्लोमा पाठ्यक्रम में आवेदन पाया गया। मगर उसे प्रवेश नहीं दिया गया था।