संवाद न्यूज एजेंसी
हल्द्वानी। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और ईडब्लूएस को इंस्टीयूट ऑफ ड्राइविंग एंड ट्रैफिक रिसर्च (आईडीटीआर) देहरादून में वाहन चलाने का निशुल्क प्रशिक्षण मिलेगा। इसके लिए आवेदन मांगे जा रहे हैं। जिलेवार कोटा भी निर्धारित कर दिया गया है।
संयुक्त परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह ने सभी संभाग के आरटीओ प्रशासन को निर्देश दिए कि एससी, एसटी, ओबीसी और ईडब्लूएस वर्ग को आईडीटीआर देहरादून में निशुल्क ड्राइविंग प्रशिक्षण दिया जा रहा है। एलएमवी ड्राइविंग प्रशिक्षण (21 दिन), एचएमवी ड्राइविंग प्रशिक्षण (30 दिन) और फोर्कलिफ्ट ड्राइविंग प्रशिक्षण (15 दिन) दिया जा रहा है। फोर्कलिफ्ट ड्राइविंग प्रशिक्षण के अलावा बाकी सभी प्रशिक्षण में 100 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से मानदेय भी दिया जाएगा। इसके अलावा दो दिन का पुनश्चर्या प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
आरटीओ प्रशासन संदीप सैनी ने बताया कि नैनीताल जिले से 65, चंपावत जिले से 22 और ऊधमसिंह नगर जिले से 68 लोगों को मौका दिया जाएगा। साथ ही पुनश्चर्या (रिफ्रेशर) प्रशिक्षण के लिए देहरादून में 800 चालकों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है जिसके तहत असंगठित क्षेत्र के 300 चालकों के अतिरिक्त परिवहन निगम के 500 चालकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।