कालाढूंगी। कोटाबाग क्षेत्र के पतलिया निवासी मोहन सिंह बिष्ट ने अपने घर में लगे बिजली मीटर में अत्यधिक बिल आने की शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि पतलिया स्थित उनके दो कमरों के मकान में मात्र एक व्यक्ति ही निवास करता है। इसके बावजूद विद्युत विभाग की ओर से चार महीने का करीब 58 हजार रुपये का बिल भेज दिया गया है। मोहन सिंह बिष्ट ने बताया कि इतनी अधिक राशि का बिल आने से वह काफी परेशान हैं और उन्होंने इसकी शिकायत विभाग से की है। विद्युत विभाग के एसडीओ सतीश पाठक का कहना है कि मीटर में तकनीकी खराबी हो सकती है। मामले की जांच कराई जा रही है।