रामनगर। रामनगर से चलने वाली रामनगर-चंडीगढ़-रामनगर एक्सप्रेस में पारंपरिक रेक के स्थान पर अत्याधुनिक एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। इससे यात्रियों का सफर को अधिक आरामदायक व सुरक्षित होगा। इसके साथ ही ट्रेन में अतिरिक्त कोच भी जोड़े गए हैं। इज्जतनगर रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि रामनगर से हर सोमवार सुबह 5:30 बजे ट्रेन संख्या 15063/15064 चंडीगढ़ के लिए रवाना होती है। ट्रेन रेक को एलएचबी में बदलने के साथ ही ट्रेन में पहले 15 कोच के साथ अब दो साधारण कोच भी जोड़े गए हैं। इससे ट्रेन में 17 कोच हो गए हैं। इसमें जनरेटर सह लगेज यान का 01, एलएसएलआरडी का 01, साधारण द्वितीय श्रेणी, साधारण कुर्सीयान के 04-04, शयनयान श्रेणी के 03, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 02, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का 01 व वातानुकूलित कुर्सीयान 01 कोच शामिल है। आधुनिक एलएचबी कोच लगाने के बाद गाड़ी में साधारण श्रेणी में 220 अतिरिक्त सीट के साथ विभिन्न आरक्षित श्रेणियों में कुल 44 बर्थ बढ़ गए हैं। बता दें कि एलएचबी (लिंक हॉफमैन बुश) कोच जर्मन तकनीक पर आधारित आधुनिक ट्रेन के डिब्बे हैं, जो उच्च सुरक्षा के लिए जाने जाते हैं। ये बेहतर सस्पेंशन, एंटी-टेलिस्कोपिक (दुर्घटना में ऊपर न चढ़ना), और डिस्क ब्रेक के साथ अधिक आरामदायक और सुरक्षित यात्रा प्रदान करते हैं।