नैनीताल। फिल्म पंगा से बालीवुड में एंट्री करने वाले नगर निवासी बाल कलाकार यज्ञ भसीन के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है। यज्ञ की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान से प्रेरित करने वाली फीचर फिल्म बाल नरेन जी फाइव पर स्ट्रीमिंग हुई है।
अमर उजाला से खास बातचीत में दीपक भसीन ने बताया कि बेटे की अभिनय में रुचि को देखते हुए वह हाईकोर्ट में राजस्व अधिकारी के पद से इस्तीफा दिया और पत्नी सोनिया तथा यज्ञ को लेकर मुंबई शिफ्ट हो गए थे। मुंबई में बेटे की मेहनत 52वें ऑडिशन के बाद रंग लाई और यज्ञ का चयन टीवी सीरियल मेरे साईं में छोटे से रोल के लिए हो गया। यज्ञ को स्टार प्लस का सीरियल ये है चाहतें में सारांश का लीड रोल मिला।
इसके अलावा उन्हें बाल नरेन और बिश्वा जैसे टाइटल रोल किए। अब उनकी फिल्म बाल नरेन जी फाइव पर स्ट्रीमिंग हुई है। यज्ञ के पिता ने बताया कि यह फिल्म लोगों और बच्चों को शिक्षित करने के साथ ही जागरूक करने वाली है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल गुरमीत सिंह उन्हें इस फिल्म के लिए सम्मानित कर चुके हैं। संवाद