रामनगर (नैनीताल)। वसंत पंचमी पर गर्जिया मंदिर स्थित कोसी नदी में श्रद्धालुओं ने स्नान कर पुण्य कमाया। पूजा अर्चना के लिए मंगलवार सुबह से ही श्रद्धालु मंदिर में पहुंचने लगे थे। पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया, जिससे जाम की नौबत नहीं आई।
गर्जिया देवी मंदिर में गंगा स्नान के लिए रामनगर के अलावा काशीपुर, हल्द्वानी, मुरादाबाद, भोजपुर, बाजपुर, बरेली, दिल्ली, ठाकुरद्वारा समेत पर्वतीय क्षेत्रों से भी काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लिए मंदिर समिति की ओर से कंट्रोल रूम के अलावा निशुल्क पार्किंग की व्यवस्था की गई थी। कोतवाल अबुल कलाम ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे।
मंदिर समिति के सदस्य गोविंद बुधानी ने बताया कि गर्जिया मंदिर स्थित कोसी नदी में 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं ने स्नान किया और एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां गर्जिया के दर्शन किए। साथ ही कहा कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं ने कोविड नियमों के तहत माता गर्जिया के दर्शन किए।