रामनगर गर्जिया माता मंदिर में लंबी कतार में लगे भक्त।
- फोटो : RAMNAGAR
रामनगर (नैनीताल)। चैत्र नवरात्र में माता गर्जिया के दर्शनों को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। शनिवार से ज्यादा भीड़ रविवार को देखने को मिली और भक्तों ने लंबी लाइन में खड़े होकर माता के दर्शन किए। अव्यवस्था ना हो, इसके लिए मंदिर परिसर में पुलिस बल की तैनाती किया गया था।
शनिवार को चैत्र नवरात्र का पहला दिन था और पहले दिन ही भक्तों की काफी भीड़ उमड़ी थी। रविवार को दूसरे नवरात्र के दिन मंदिर में करीब चार हजार से अधिक श्रद्धालु माता के दर्शन को पहुंचे। मंदिर से करीब आधा किलोमीटर से आगे तक माता के भक्त लाइन में लग रहे। चिलचिलाती धूप में कतारबद्ध होकर ही भक्तों ने माता के दर्शन किए और अपनी मनोकामना की कामना की। गर्जिया चौकी प्रभारी मनोज नयाल ने बताया कि हल्द्वानी, रामनगर, बाजपुर, काशीपुर, मुरादाबाद, ठाकुरद्वारा, रामपुर, संभल आदि स्थानों से लोग माता के दर्शनों को पहुंचे थे। माता के दर्शन करने के बाद श्रद्धालुओं ने कोसी नदी में स्नान भी किया। समय-समय पर पुलिस कर्मी स्नान करने वालों से गहरे कुंड की तरफ नहीं जाने की हिदायत देते रहे। बता दें कि कोरोना के कारण पिछले दो सालों से मां गर्जिया मंदिर श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए गए थे, लेकिन इस बार कोरोना की रफ्तार कम होने के चलते मां गर्जिया मंदिर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल गया है।