हल्द्वानी। रुद्रपुर से हल्द्वानी की तीन लाख आबादी के लिए अच्छी खबर है। फोरलेन बनाने वाली कंपनी एक साल बाद दोबारा फोरलेन हाईवे का काम शुरू करने जा रही है। जनवरी के अंतिम सप्ताह से कंपनी काम शुरू कर देगी। कंपनी को छह महीने में काम पूरा करके देना होगा।
एनएचएआई की ओर से फोरलेन बना रही कंपनी सद्भाव को जमीन अधिग्रहीत करके नहीं देने के कारण फोरलेन का काम एक साल से बंद पड़ा है। कंपनी को यह काम 2019 में ही पूरा करके देना था। जमीन नहीं मिलने के कारण बैंकर्स ने कंपनी को पैसे देने से मना कर दिया था। अब रुद्रपुर से लेकर रामपुर तक हाईवे का काम 80 प्रतिशत हो गया है।
एनएचएआई ने यहां पर टोल प्लाजा का काम भी पूरा कर लिया है। एनएचएआई के परियोजना निदेशक योगेंद्र शर्मा ने बताया कि कोयला-कोयली में जनवरी के पहले सप्ताह में टोल प्लाजा शुरू हो जाएगा। टोल प्लाजा शुरू होने के बाद कंपनी को बैंकर्स लोन दे देंगे। जनवरी के अंतिम सप्ताह से कंपनी रुद्रपुर से लेकर काठगोदाम तक फोरलेन हाईवे का काम शुरू कर देगी।