रामनगर। इस साल सीटीआर में महिला जिप्सी चालक पर्यटकों को जंगल सफारी कराएंगी। इसके लिए प्रशिक्षण प्राप्त चार महिला जिप्सी चालकों ने जिप्सी के परमिटों के लिए आवेदन किया है। पार्क प्रशासन की ओर से परमिट मिलते ही महिला जिप्सी चालक पर्यटकों को जंगल सफारी कराएंगी।
कुछ वर्ष पूर्व तत्कालीन मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने महिलाओं को रोजगार देने की दिशा में 50 महिला जिप्सी चालकों की भर्ती की घोषणा की थी। इसके बाद पार्क प्रशासन की ओर से 24 महिलाओं को सीटीआर में जिप्सी चालाने का विशेष प्रशिक्षण दिया गया था। जिप्सियां उपलब्ध नहीं होने के चलते महिलाओं को सीटीआर में जिप्सी चलाने का मौका नहीं मिल पाया। वहीं इस साल नए पर्यटन सत्र में चार प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं ने पुरानी जिप्सियों की व्यवस्था कर जिप्सी परमिट के लिए सीटीआर में आवेदन किया है। बिजरानी एसडीओ अमित ग्वासीकोटी ने बताया कि पर्यटन सत्र 2025-26 में होने वाले जिप्सियों के पंजीकरण का मामला कोर्ट में विचाराधीन है। कोर्ट के आदेश पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।