रामनगर। रामनगर डिपो के पास मोहल्ला इंदिरा कॉलोनी की महिलाओं ने पालिका कार्यालय में प्रदर्शन किया। उन्होंने अतिक्रमण के खिलाफ प्रदर्शन कर ईओ आलोक उनियाल का घेराव किया।
भावना भट्ट, भूपेंद्र खाती ने बताया कि उनकी काॅलोनी के पास रोडवेज डिपो है। बताया कि परिवहन निगम की ओर से क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए आठ फुट का रास्ता दिया गया। आरोप है कि एक व्यक्ति ने इस सड़क पर अतिक्रमण कर सीढि़यों का निर्माण कर दिया है। इससे लोगों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है।
उन्होंने पालिका प्रशासन से शीघ्र अतिक्रमण नहीं हटवाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ईओ आलोक उनियाल ने बताया कि इस मामले में दोनों पक्षों ने प्रार्थनापत्र दिए थे जिस पर एक टीम गठित की गई है। मामला एसडीएम के संज्ञान में है। जल्द अतिक्रमण हटाया जाएगा।