हल्द्वानी। रक्तदान के प्रति महिलाओं के मन में रहने वाली झिझक और भ्रांतियां अब दूर हो रही हैं। हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में छात्राएं, शिक्षिकाएं, गृहिणियां रक्तदान में बढ़-चढ़कर भागीदारी कर समाज को मानवता का संदेश दे रही हैं। शहर में आयोजित होने वाले नियमित रक्तदान शिविरों में महिलाओं की बढ़ती संख्या एक सकारात्मक सामाजिक बदलाव का संकेत है।
इस बार विश्व रक्तदाता दिवस की थीम मानवता की एक बूंद, रक्तदान करें जीवन बचाएं रखी गई है जो यह संदेश देती है कि रक्तदान केवल एक चिकित्सा सेवा नहीं बल्कि संवेदनशीलता का प्रतीक है। चिकित्सकों के अनुसार, स्वस्थ महिलाएं पूरी तरह से सुरक्षित रक्तदान कर सकती हैं। सुशीला तिवारी अस्पताल की डॉ. सलोनी उपाध्याय ने बताया कि रक्तदान करने से महिलाओं के शरीर में किसी भी प्रकार की कमजोरी नहीं आती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक यूनिट रक्त देकर तीन लोगों की जान बचाई जा सकती है और महिलाओं की इस सक्रियता से समाज में स्वैच्छिक रक्तदान का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। संवाद
रक्तदान मेरे लिए केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं बल्कि किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम है। अब तक में 14 बार रक्तदान कर चुकी हूं। आपातकालीन स्थिति में भी जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराया है। बीना थुवाल
रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। जरूरतमंद की सेवा के लिए नियमित रूप से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रही हूं। अब तक 6 बार रक्तदान कर चुकी हूं। दीपशिखा जोशी
रक्तदान करके अलग ही खुशी मिलने के साथ मन को आत्मिक शांति मिलती है। अब तक 20 से अधिक बार रक्तदान कर चूकी हूं। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान करना चाहिए। रमा चोपड़ा
अब तक में 20 से अधिक बार रक्तदान कर चुकी हूं। जब किसी के जीवन को बचाने में हमारा योगदान होता है तो उससे बड़ी खुशी और संतुष्टि नहीं होती है। प्रीति श्रीवास्तव