नैनीताल जिले के भीमताल ब्लॉक की ग्राम पंचायत सूर्यागांव के तोक सूर्याजाला में शुक्रवार की शाम मवेशियों के लिए जंगल चारा लेने जा रही एक महिला को घर के पास से वन्य जीव उठा ले गया। इस दौरान परिजनों ने काफी शोर मचाया लेकिन वन्य जीव महिला को जंगल की तरफ लेकर चला गया। शाम आठ बजे के करीब महिला का शव क्षत-विक्षत हालत में जंगल में पड़ा मिला।
जानकारी के अनुसार सूर्यागांव के तोक सूर्याजाला निवासी हंसी देवी (55) पत्नी लाल सिंह सूर्या शुक्रवार की शाम चार बजे चारा लेने के लिए जंगल जा रही थी। घर से कुछ दूरी पर घात लगाए बैठे वन्य जीव ने हंसी देवी पर हमला कर दिया और उन्हें घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। महिला को जंगल की तरफ ले जाता देख परिजन और ग्रामीण शोर मचाते हुए जंगल की ओर भागे। काफी देर खोजबीन के बाद महिला का शव जंगल में पड़ा मिला। घटना के बाद वन कर्मियों की टीम भी मौके पर पहुंच गई है।
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने वन विभाग के अधिकारियों को टीम भेजकर आदमखोर को पकड़ने के निर्देश दिए हैं साथ ही पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग देने की बात कही है।
महिला अकेले जंगल में चारा लेने गई थी तभी महिला पर एक वन्य जीव ने हमला कर उसे मार दिया। विभाग की टीम मौके पर है। पिंजरा लगाने और ट्रैप कैमरे लगाने की कार्रवाई की जा रही है। हमला करना वाला जीव बाघ था या तेंदुआ इसका भी पता लगाया जा रहा है।-आकाश गंगवार, डीएफओ, नैनीताल
पिंजरे और ट्रैप कैमरे लगाए जाएंगे
1- वर्ष 2023 में 10 दिसंबर को बाघ के हमले से भीमताल ब्लॉक की ग्राम पंचायत पिनरों के तोक डोब गांव में पुष्पा देवी की मौत।
2- वर्ष 2023 में भीमताल ब्लॉक की ग्राम पंचायत मलुवाताल के कसाइल में बाघ के हमले से इंद्रा देवी की मौत।
3- वर्ष 2023 में भीमताल ब्लॉक की ग्राम पंचायत अलचौना के ताड़ा गांव में बाघ के हमले से निकिता शर्मा की मौत।4- वर्ष 2024 में नौकुचियाताल के सिलौटी में बाघ के हमले से लीला देवी की मौत।
5- वर्ष 2025 में बेतालघाट के ओखलढूंगा में बाघ के हमले से शांति देवी की मौत।6- 27 दिसंबर 2025 को धारी ब्लॉक की ग्राम पंचायत दीनी तल्ली के तोक धुरा में हेमा देवी की मौत।
7- 30 दिसंबर 2025 को ओखलकांडा की ग्राम पंचायत चमोली में हमले से रेखा देवी की मौत।8- 11 जनवरी 2026 को धारी ब्लॉक में गंगा देवी की मौत।
9- तीन अप्रैल 2026 को भीमताल ब्लॉक के सूर्यागांव की हंसी देवी की मौत।