हल्द्वानी। प्रगतिशील महिला एकता केंद्र एवं महिला अधिकार मंच ने मंगलवार को संयुक्त रूप से एसडीएम एपी बाजपेयी को ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने एसडीएम से कहा कि घर, स्कूल, कार्यस्थल कहीं भी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। ऑरम स्कूल की पांच वर्षीय बच्ची हो या फिर एवरग्रीन के पास हुई युवती की हत्या। इस तरह की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। दूसरी ओर शहर के विभिन्न इलाकों में शराब पीकर होने वाली हिंसा, छेड़खानी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
जवाहर ज्योति दमुवाढूंगा व शहर के अन्य इलाकों में शराब पीकर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से महिलाओं को सामूहिक सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में ममता पंत, निर्मला सूरी, रजनी जोशी, हेमा कबड्वाल, सुनीता, नीता, आशा साही, दया सनवाल, मंजू राना, कमला भट्ट, तनु, अंजलि आदि महिलाएं शामिल थीं।