रामनगर (नैनीताल)। तराई पश्चिम वन प्रभाग आम पोखरा रेंज में शुक्रवार को जलाने के लिए लकड़ी लेने गई एक महिला पर बाघ ने हमला कर दिया।
ग्राम पीरूमदारा भवानीपुर खुल्बे निवासी वीरवती (36) पत्नी महेंद्र सिंह गांव की ही कुछ महिलाओं व पुरुषों के साथ जंगल में लकड़ी लेने गई थी। इसी समय एक बाघ ने वीरवती पर हमला कर दिया। महिला के चीख सुनकर साथ में गए लोगों ने शोर मचाया तो बाघ वीरवती को लहूलुहान हालत में छोड़कर भाग गया। इसके बाद सभी उसे गंभीर अवस्था में लेकर संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे, जहां वीरवती को भर्ती कराया गया है।
वहीं घटना को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। मामले में आमपोखरा रेंजर विपिन डिमरी ने बताया कि इस क्षेत्र में वन कर्मियों की गश्त शुरू करा दी है। उन्होंने ग्रामीणों से जंगल में अकेले न जाने की अपील की और कहा कि घायल महिला को विभाग की ओर से नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। फिलहाल महिला की हालत खतरे से बाहर है।