रामगढ़ ब्लाक के सूपी गांव निवासी भवान सिंह की पत्नी हेमा देवी (42) बहू सुनीता के साथ सोमवार सुबह घर से करीब तीन सौ मीटर दूर खेत में घास काटने गई हुई थी।
बताया जाता है कि जैसे ही हेमा देवी ने घास काटना शुरू ही किया, तभी पास की झाड़ियों में घात लगाए बैठे तेंदुए ने हेमा देवी पर हमला कर दिया।
इससे पहले कि तेंदुआ हेमा को खींचकर ले जाता, हेमा और पास में घास काट रही सुनीता ने चीख पुकार मचानी शुरू कर दी। चीख पुकार सुन आसपास के लोग भी मौके पर आ पहुंचे।
इस बीच तेंदुआ हेमा देवी को छोड़कर पास के जंगल में भाग गया। घायल हेमा देवी को आपातकालीन वाहन 108 की मदद से सीएचसी भीमताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत में सुधार है।
डाक्टरों के मुताबिक हेमा देवी के दाएं कान के पास, बाई आंख के नीचे और सिर में हमले में लगी चोटों के निशान हैं। तेंदुए के हमले के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से तेंदुए को पकड़ने के लिए गांव में पिंजरा लगवाने की मांग की है।