भीमताल (नैनीताल)। जिले में लंबे समय से प्राथमिक विद्यालयों में रिक्त पड़े शिक्षकों के पदों पर नियुक्ति होने की उम्मीद जगने लगी है। शिक्षा विभाग की ओर से जिले में 129 प्राथमिक शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिले में आवेदन की अंतिम तिथि 28 नवंबर रखी गई है।
प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति होने से डीएलएड कर चुके विद्यार्थियों का शिक्षक बनने का सपना पूरा हो सकेगा। शिक्षकों की नियुक्ति होने से सबसे अधिक लाभ ओखलकांडा, बेतालघाट, धारी, रामगढ़ और भीमताल के दूरदराज के प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को मिलेगा। जिला प्रारंभिक शिक्षाधिकारी एचबी चंद ने बताया कि जिले में 129 शिक्षकों की नियुक्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। आवेदन प्रक्रिया के बाद काउंसलिंग के साथ 15 दिसंबर के बाद शिक्षकों की तैनाती कर दी जाएगी। डीईओ ने कहा कि शिक्षकों की नियुक्ति से प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों को बेहतर शिक्षा का लाभ मिल सकेगा। संवाद