रामनगर। सर्दियों की शुरुआत के साथ ही रामनगर स्थित कोसी बैराज में प्रवासी पक्षियों की आमद शुरू हो गई है। बैराज क्षेत्र में सुर्खाब के करीब 10 से अधिक जोड़े पहुंच चुके हैं। इन पक्षियों की मौजूदगी से कोसी बैराज का प्राकृतिक सौंदर्य बढ़ गया है। सुबह और शाम के समय पानी में अठखेलियां करते सुर्खाब पक्षी प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं।
जानकारों के अनुसार, सर्दियों के मौसम में उच्च हिमालय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के चलते कई पक्षी अनुकूल मौसम और भोजन की तलाश में गर्म क्षेत्रों की ओर रुख करते हैं। इस दौरान प्रवासी पक्षी हजारों किलोमीटर का सफर तय कर अलग-अलग जलाशयों और नदियों के किनारे पहुंचते हैं। कोसी बैराज का शांत वातावरण और जल की उपलब्धता ऐसे पक्षियों के लिए अनुकूल परिस्थितियां उपलब्ध कराते हैं। सुर्खाब की आमद को सर्दियों के मौसम की शुरुआत का संकेत भी माना जाता है। रामनगर वन प्रभाग के डीएफओ ध्रुव मर्तोलिया ने बताया कि सुर्खाब पक्षी की सुरक्षा के लिए वन विभाग की ओर से सुरक्षा बढ़ा दी गई है।