हल्द्वानी। अंतरराष्ट्रीय चिड़ियाघर में पवन ऊर्जा बनाने के लिए पवन चक्की लगाई गई है। वन विभाग का दावा है कि इससे 250 यूनिट तक बिजली का उत्पादन होगा। इसके लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। वन संरक्षक का कहना है कि सीएम रविवार को बटन दबाकर बिजली उत्पादन की विधिवत शुरुआत के साथ जू का शिलान्यास करेंगे।
400 हेक्टेयर में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय चिड़ियाघर को वैकल्पिक ऊर्जा के माध्यम से भी रोशन करने की योजना बनाई गई है। इसी के तहत चिड़ियाघर में पवन चक्की को स्थापित किया गया है। वन संरक्षक पश्चिमी वृत्त डा. पराग मधुकर धकाते कहते हैं कि तीन विंड मिल को स्थापित करने के साथ कंट्रोल बनाने का काम करीब पूरा कर लिया गया है।
विंड मिल लगाने से पहले इलाके का अध्ययन किया गया था, यहां पर गौला नदी का खुला हुआ क्षेत्र है, जहां पर 10 से 20 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलती है। जो विंड मिल स्थापित किया गया है, वह लो विंड मिल तकनीक पर आधारित है। अगर हवा की रफ्तार पांच किमी प्रति घंटा भी है, तो भी आसानी से काम कर सकता है।
किसी तरह की तकनीकी अड़चन नहीं आनी चाहिए। इसकी सुरक्षा के लिए भी प्रबंध किए गए हैं। प्रारंभिक तौर पर चिड़ियाघर के काम आदि को भी शुरू किया गया है। इसमें झील का निर्माण आदि का कार्य करीब पूरा कर लिया गया है। जू के लिए सेंट्रल जू अथारिटी आफ इंडिया, कैंपा आदि मद से राशि जुटाई जाएगी। यहां पर वन्यजीवों के इलाज आदि के लिए रेस्क्यू सेंटर भी विकसित किया जाएगा।