कुमाऊं विवि के डीएसबी परिसर में शुक्रवार को छात्रसंघ चुनाव में निर्वाचित और पराजित दोनों ही प्रत्याशियों की धन्यवाद सभा हुई। सभा में निर्वाचित प्रत्याशियों ने कहा कि उन्होंने चुनाव के दौरान जो वायदे किये हैं, उन्हें पूरा किया जाएगा,
जबकि पराजित प्रत्याशियों ने कहा वे भी छात्रसंघ को हरसंभव सहयोग करेंगे। इस दौरान सभी प्रत्याशियों ने मतदाताओं का आभार जताया। विजयी प्रत्याशियों ने मिष्ठान वितरण किया।
छात्रसंघ अध्यक्ष दिग्विजय सिंह मेहरा ने कहा कि पुस्तकों, छात्रावास और प्रयोगशाला संबंधी समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता हैं, जिन्हें वह छात्रसंघ को साथ लेकर पूरा करेंगे।
अध्यक्ष पद के पराजित प्रत्याशी मोहित सिंह रौतेला ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव के दौरान जिस तरीके से बैलेट पेपर आउट हो गया इस मामले की निष्पक्ष जांच परिसर प्रशासन को करानी चाहिए। निर्वाचित उपाध्यक्ष मदन मोहन अधिकारी ने कहा कि वह वर्षभर छात्र हितों के लिए संघर्षरत रहेंगे।
उन्होंने भी बैलेट पेपर प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच की मांग उठाई। पराजित प्रत्याशी जितेंद्र प्रसाद ने निर्वाचित छात्रसंघ से छात्र हितों के लिए कार्य करने की अपील की।
निर्वाचित छात्रा उपाध्यक्षा करिश्मा जोशी ने कहा समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से कराया जाएगा। पराजित दामिनी आर्या ने सभी का आभार जताया। इस दौरान चंद्रकला रावत मौजूद नहीं थी।
सचिव जितेंद्र सिंह बंगारी ने कहा परिसर में बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाया जाएगा। इस पद पर पराजित मोहम्मद सोहेल ने कहा वह राजनीति का शिकार हुए हैं, जिसकी वजह से उन्हें पराजय का मुंह देखना पड़ा। सभा को उपसचिव भूपेंद्र कोहली, कोषाध्यक्ष विनय कुमार आर्या ने संबोधित किया।
इसके अलावा अजय सिंह बिष्ट, फैसल सलमानी, सुमित पांडे, नरेंद्र भतरौला और राजेश कुशवाहा ने भी विचार रखे। संचालन सचिव जितेंद्र सिंह बंगारी ने किया। इस मौके पर सूरज पांडे, सुनील मेहरा, पंकज भट्ट, सौरभ रावत, रवि कन्याल, कृपाल बिष्ट, पवन कन्याल, प्रकाश जोशी, सुंदर सिंह मेहरा, नवीन भट्ट आदि मौजूद थे।