हल्द्वानी। काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र के लमजाला में 21 अक्तूबर की देर रात बैक करते समय एक कार 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने ग्रामीणों की मदद से कार सवार युवक-युवती को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा।
पुलिस के अनुसार, कार भोटिया पड़ाव निवासी नीरज सिंह चला रहे थे। वहीं आवास विकास की रहने वाली रिचा कार में बैठी थीं। लमजला गांव के पास नीरज कार को बैक कर रहे थे। तभी जगह की कमी की वजह से गाड़ी गाड़ी खाई में गिर गई। करीब 150 मीटर गिरने के बाद गाड़ी झाड़ी और पेड़ में फंसकर रुकी। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण पहुंचे और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। तब रेस्क्यू टीम ने पहुंचकर युवक-युवती को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया दोनों को प्राथमिकी उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। हादसा देर रात करीब 11 बजे हुआ था। शुरुआती जांच में गाड़ी बैक करते हुए गिरने की बात सामने आई है।