हल्द्वानी। ट्रेडिंग एप को इंस्टाल कर उसमें पांच हजार रुपये का निवेश करने वाली मुखानी की युवती के खाते में कुछ दिन बाद 50 हजार रुपये आ गए। वह इसे मुनाफा समझती रही और बृहस्पतिवार को फरीदाबाद से आई पुलिस ने महिला सिपाही की मदद से उसे पकड़ लिया। कोतवाली में पूछताछ के बाद पुलिस उसे लेकर फरीदाबाद चली गई।
फरीदाबाद पुलिस बृहस्पतिवार को स्थानीय पुलिस की मदद से मुखानी की एक युवती को पकड़कर कोतवाली लाई। पुलिस सूत्रों के अनुसार युवती ने टीम को बताया कि उसने ट्रेडिंग से जुड़ा एक एप डाउनलोड किया था। इसमें उसने पांच हजार रुपये निवेश किए। इसी बीच उसके खाते में 50 हजार रुपये आ गए। उसने इस रकम काे मुनाफा समझ लिया। जिस खाते से युवती के अकाउंट में 50 हजार रुपये आए उसके जरिये फ्रॉड हुआ था और पुलिस उसे ट्रैक कर रही थी। इसके बाद पुलिस युवती को फरीदाबाद ले गई। कोतवाल विजय सिंह मेहता ने बताया कि साइबर क्राइम के मामले में युवती से पूछताछ की है। माई सिटी रिपोर्टर