हल्द्वानी। एक फौजी पिता ने अपनी बेटी की शादी तय की, लेकिन युवक की कुंडली में दोष भरे हुए पाए तो रिश्ता तोड़ दिया। इससे गुस्साए युवक ने युवती को परेशान किया तो पिता ने उसे ऐसा करने से मना किया। इस पर युवक ने अपने साथियों के साथ सिर पर हमला कर उन्हें ही घायल कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
टीपीनगर चौकी क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी एक युवती की शादी कुछ माह पहले पास के ही मोहल्ला के रहने वाले एक युवक के साथ तय हुई। कुछ समय बाद युवती के परिवार वालों को कहीं से युवक के बारे में गलत पता चला। अवगुणों की वजह से युवती ने भी शादी से मना कर दिया। ऐसे में रिश्ता टूट गया। इसके बाद युवक रंजिश रखने लगा और युवती को फोन कॉल के जरिये परेशान करने लगा। रास्ते में भी उसका जाना मुश्किल कर दिया।
होली के दिन भी इसी बात को लेकर युवक से युवती के परिवार वालों का विवाद हुआ। फौजी पिता ने युवक को उसकी बेटी को परेशान न करने के लिए नसीहत दी तो वह अपने साथियों को बुला लाया। उसने फौजी पिता को पीटा। उनके सिर पर गंभीर चोट आई। युवती ने परिवार वालों के साथ टीपीनगर चौकी पर आकर शिकायत की। कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि इस मामले में युवक के खिलाफ छेड़खानी और मारपीट की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।