मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एलएल उप्रेती ने शनिवार को बेस अस्पताल में छापा मारकर चिकित्सा व्यवस्थाएं देखी। इमरजेंसी में ईसीजी और पल्स नापने की मशीनें उपलब्ध नहीं होने पर ड्यूटी डाक्टर और स्टाफ को कड़ी फटकार लगाई। इमरजेंसी में सांप काटने से पहुंची घायल महिला का उपचार करने के बजाए उसे रेफर करने पर भी कड़ी नाराजगी जताई।
बेस अस्पताल में सोमवार से ओपीडी सुबह आठ बजे से शुरू हो जाएगी। ओपीडी का यह समय दोपहर दो बजे तक होगा। ओपीडी का समय बदलने से पहले शनिवार रात सीएमओ ने बेस अस्पताल में औचक छापा मारा। इससे अस्पताल में खलबली मच गई। इमरजेंसी में अव्यवस्थाएं देख सीएमओ दंग रह गए। इमरजेंसी में पल्स और ईजीसी नापने की मशीन तक नहीं थी। सीएमओ ने तत्काल हार्ट यूनिट से ईसीजी और पल्स नापने की मशीन मंगवाई और कहा मशीनें इमरजेंसी में रखी जाएं।
इस दौरान इमरजेंसी में ऊचांपुल निवासी 30 वर्षीय कौशल्या पहुंची थी। कौशल्या को सांप ने काटा था, लेकिन अस्पताल में एंटी स्नैक वैनम नहीं होने पर उसे रेफर कर दिया। सीएमओ ने इमरजेंसी स्टाफ को फटकारते हुए कहा कि बाहर से दवाएं न लिखी जाएं। अस्पताल में संविदा पर तैनात फिजिशियन डा. होरा का कार्यकाल खत्म हो गया। जिससे अस्पताल में अब एकमात्र फिजिशियन डा. पीसी ताकुली रह गए हैं। समाजसेवी प्रेम बेलवाल ने अस्पताल में कम से कम दो फिजिशियन की तैनाती करने की मांग की। जिस पर सीएमओ ने स्वास्थ्य महानिदेशक से फोन पर वार्ता कर फिजिशियन की तैनाती की मांग की।