पर्यटन सीजन नजदीक है। देश-विदेश के पर्यटक यहां घूमने आते हैं। कारोबारियों ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है, पर नगर पालिका ने सफाई-व्यवस्था की ओर से आंखें फेर रखी हैं। शहर के हर मार्ग पर कूड़े के ढेर लगा है।
तल्लीताल डांठ के पास नैनी झील गंदगी से अटी पड़ी है। पालिका के ईओ ने जल्द सफाई का दावा किया था, लेकिन अभी तक झील की सफाई नहीं की गई है। इसके अलावा पालिका के नजदीक डीएसए मैदान, फांसी गधेरे के पास, बिड़ला मोटर मार्ग, जीआईसी, मेवला कंपाउंड, चिड़ियाघर मोटर मार्ग, स्नो व्यू, शेरवानी लॉज, अपर मालरोड समेत तमाम इलाकों में कूड़े के ढेर लगे हैं। लेकिन नगर पालिका प्रशासन इसे साफ करने के कोई प्रयास नहीं कर रहा है। जिलाधिकारी भी कई बार शहर का भ्रमण कर चुके हैं लेकिन उन्हें भी यह गंदगी नजर आती प्रतीत नहीं होती है।
-------------
कूड़ा ढोने वाले वाहनों में तकनीकी खराबी आने के कारण कूड़ा नहीं उठ पाया है। गाड़ियां ठीक करने के लिए हल्द्वानी भेजी गई हैं। बृहस्पतिवार तक सभी स्थलों से कूड़ा निस्तारित कर दिया जाएगा।
- रोहिताश शर्मा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका