गरमपानी(नैनीताल)। बेतालघाट ब्लॉक की न्याय पंचायत घंघरेटी के राजकीय इंटर कॉलेज हल्सों में बृहस्पतिवार को बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं। धारी के ग्राम प्रधान कमल सिंह जंतवाल ने खनन न्यास की निधि बेतालघाट में खर्च न कर अन्य जगह व्यय करने पर नाराजगी जाहिर की।
उन्होंने कहा कि बेतालघाट के लोगों को उपखनिज निकासी के कारण उड़ने वाली धूल और मिट्टी से परेशान होना पड़ रहा है जबकि प्रशासन खनन की निधि अन्य जगह खर्च कर रहा है। उन्होंने खनन न्यास की निधि बेतालघाट में खर्च करने की मांग उठाई। विधायक सरिता आर्या ने जल्द प्रस्ताव तैयार करने को कहा। व्यापार मंडल के अध्यक्ष तारा सिंह भंडारी ने मिनी स्टेडियम में लाल मिट्टी डलवाने की मांग की। ग्रामीणों ने जंगली जानवरों, क्षतिग्रस्त सड़कों और सिंचाई नहरों को सही कराने को कहा। विधायक सरिता आर्या ने अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं को हल करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिपं सदस्य तरुण शर्मा, मंडल अध्यक्ष प्रताप बोहरा, सांसद प्रतिनिधि मनमोहन सिंह, एसडीएम मोनिका, मीना देवी, ज्योति, धर्मा देवी, दीपा देवी, संजय सिंह, नरेंद्र पाल आदि मौजूद रहे।