पीरूमदारा में पानी नहीं आ रहा
- फोटो : अमर उजाला
रामनगर (नैनीताल)। पीरूमदारा के क्षेत्रीय गांवों में पिछले 12 दिनों से पेयजल की किल्लत है। लोग कई किमी पैदल चलकर पीने का पानी ला रहे हैं। क्षेत्र के हाथीडंगर, बसई, रूपपुर, धर्मपुर, औलिया, गुमानपुर, दूल्हेपुरी के बद्री विहार, भवानीपुर खुल्बे समेत कई क्षेत्रों में पीने के पानी की समस्या है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार जल संस्थान से शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उधर, विभाग से संपर्क करने पर पता चला कि क्षेत्र में दो जगह पंप खराब होने से पेयजल आपूर्ति की समस्या हो रही है। वहीं बद्री विहार निवासी कुंवर सिंह बिष्ट ने बताया कि जल संस्थान से अनुरोध करने पर सोमवार को एक टैंकर पानी पहुंचाया गया था, जो पूरी तरह दूषित था। जल संस्थान की इस कार्यप्रणाली से जनता में आक्रोश है। पर्वतीय प्रगतिशील संस्कृति सेवा समिति के अध्यक्ष हरीश चंद सनवाल की ओर से भी जल संस्थान को शिकायत की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं हो पाया।