भीमताल में पिछले पांच दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित होने से नाराज महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। महिलाओं ने विकास भवन पहुंचकर जल संस्थान और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जल्द समाधान की मांग की।
नैनीताल जिले के भीमताल नगर क्षेत्र में पांच दिन से पानी नहीं आने से परेशान महिलाओं ने सभासदों के साथ विकास भवन कार्यालय में पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया। महिलाओं ने सरकार और जलसंस्थान विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने कहा कि आए दिन मोटर खराब होने से पानी नहीं आने से लोग परेशान हैं लेकिन जलसंस्थान विभाग और सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर पा रहे हैं।
विज्ञापन
लोगों का कहना है कि विभाग क्षेत्र नई पानी की बोरिंग और पंप नहीं लगा पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर विभाग के पैसा नहीं है तो वह खुद चंदा देकर बोरिंग का निर्माण कार्य कराएंगे। साथ ही कहा अगर जल्द पानी की समस्या हल नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान पूर्व चेयरमैन देवेंद्र सिंह चनौतिया, सभासद शुभम नैनवाल, शिप्रा जोशी, उमेश पाठक, भावना नौलिया, हिमांशु रौतेला, विनीत जोशी, मोहित पडियार, नंदन बिष्ट आदि मौजूद रहे।