भीमताल (नैनीताल)। धारी ब्लॉक की ग्राम पंचायत परबड़ा में बाहरी बिल्डर की ओर की गई बोरिंग को डिपार्टमेंट ऑफ वाटर रिसोर्स देहरादून ने निरस्त कर दिया है। ग्रामीणों के विरोध को देखते सोमवार को विधायक राम सिंह कैड़ा ने ग्रामीणों के साथ मौके पर आला अधिकारियों से वार्ता कर देहरादून से पानी की बोरिंग को निरस्त करा दिया। विधायक ने बताया कि बाहरी बिल्डर की ओर से अपने होटल के पानी की बोरिंग कराई गई थी। इस पर ग्रामीणों ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया था। सोमवार को जल संस्थान के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। विधायक ने बताया कि देहरादून में वार्ता कर बोरिंग को निरस्त करा दिया है। धारी के एसडीएम अंशुल भट्ट ने पानी की बोरिंग निरस्त करने की पुष्टि की है।