भीमताल (नैनीताल)। नौकुचियाताल से तीन किलोमीटर दूर स्थित खड़की गांव में आजादी के बाद सड़क बनने से रविवार को वाहनों के पहुंचने पर ग्रामीण झूम उठे। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य दुर्गादत्त पलड़िया ने बताया कि नौकुचियाताल से महज तीन किमी दूर स्थित खड़की के ग्रामीणों को सड़क के अभाव में पैदल चलने को मजबूर होना पड़ता था।
ग्रामीणों ने मोटर मार्ग निर्माण के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की थी। पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। पलड़िया ने बताया कि लॉकडाउन में ग्रामीण स्वयं श्रमदान कर सड़क बनाने का कार्य कर रहे थे। तब भीमताल ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों का हौसला बढ़ाकर सड़क बनाने के लिए धनराशि देने की घोषणा की थी। डॉ. बिष्ट ने राज्य वित्त और अन्य मदों से सड़क कटान का कार्य करवाया। उन्होंने उक्त मार्ग पर सीसी निर्माण की भी बात कही है।
पलड़िया ने बताया कि सड़क से गांव तक वाहन पहुंचने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। सड़क निर्माण पर आरती भट्ट, मंजू पलड़िया, विनोद कुमार, किरन भट्ट, रवींद्र कर्नाटक, इंद्रा पलड़िया, मुकेश बहुगुणा, गिरीश भट्ट, दिनेश पलड़िया, राहुल भट्ट, भुवन पलड़िया, भोला दत्त भट्ट, राजू भट्ट आदि ने खुशी जाहिर की है।